गरियाबंद PM श्री स्कूल में प्राचार्य नियुक्ति पर बवाल

Mon 09-Feb-2026,03:39 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

गरियाबंद PM श्री स्कूल में प्राचार्य नियुक्ति पर बवाल Gariaband-PM-Shri-School-Principal-Controversy
  • DEO ने शिकायतों की पुष्टि करते हुए जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया

  • गरियाबंद के पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य की नियुक्ति के खिलाफ छात्रों और शिक्षकों का संयुक्त विरोध

Chhattisgarh / Gariaband :

Gariaband/ छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य की पदस्थापना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्राचार्य वंदना पाण्डेय की नियुक्ति को रद्द करने की मांग अब स्कूल परिसर से निकलकर सड़कों तक पहुंच गई है। छात्र, शिक्षक और अभिभावक एक सुर में इस आदेश का विरोध कर रहे हैं। छात्रों द्वारा कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर प्रदर्शन किए जाने से प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

छात्रों की रैली, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार, पीएम श्री स्कूल के लगभग 40 छात्र रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए प्राचार्य वंदना पाण्डेय की पदस्थापना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि स्कूल का शैक्षणिक माहौल लगातार प्रभावित हो रहा है और उनकी पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

शिक्षकों का ज्ञापन, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

इस मामले में स्कूल के शिक्षकों ने भी कड़ा रुख अपनाया है। शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को ज्ञापन सौंपते हुए प्राचार्य की पदस्थापना को नियमों के विरुद्ध बताया। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे। इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।

वायरल वीडियो को लेकर आरोप-प्रत्यारोप

शिक्षकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो स्कूल समय के बाद खाली समय में बनाया गया था। उनका दावा है कि वीडियो को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया और शिकायत के बाद प्राचार्य द्वारा ही इसे वायरल कराया गया। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि इससे उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

निलंबन के बाद पुनः नियुक्ति पर सवाल

पीएम श्री स्कूल के शिक्षक रघुनाथ साहू ने बताया कि वंदना पाण्डेय पहले भी इसी स्कूल में प्राचार्य रह चुकी हैं। लापरवाही के आरोप में उन्हें शिक्षा सचिव द्वारा निलंबित किया गया था। बहाली के बाद पुनः उसी स्कूल में पदस्थापना को शिक्षक नियमों के खिलाफ बता रहे हैं।

DEO ने दिए जांच के आदेश

गरियाबंद के DEO जगजीत सिंह धीर ने कहा कि प्राचार्य के खिलाफ छात्रों और स्टाफ से कई शिकायतें मिली हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।